शेयर मार्केट / सप्ताह में कारोबार के दूसरे दिन भी बाजार बढ़त के साथ बंद, सेंसेक्स ने 371 अंक और निफ्टी ने 98 पॉइंट ऊपर कारोबार किया



  • सेंसेक्स 1.17% की बढ़त के साथ 32,114 अंकों पर बंद

  • निफ्टी 1.06% की बढ़त के साथ 9,380 अंकों पर रहा


सप्ताह में आज कारोबार के दूसरे दिन बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। सुबह सेंसेक्स 358.83 अंक ऊपर और निफ्टी 107.5 पॉइंट ऊपर खुला। हालांकि, पहले घंटे की ट्रेडिंग के दौरान बाजार 4 बार नीचे गिरा। करीब 12:40 PM के बाद बाजार में फिर से तेजी दिखने लगी। सेंसेक्स 371.44 अंक या 1.17% ऊपर 32,114.52 पर और निफ्टी 98.60 पॉइंट या 1.06% ऊपर 9,380.90 पर बंद हुए। इससे पहले सोमवार को सेंसेक्स 415.86 अंक ऊपर 31,743.08 पर और निफ्टी 127.90 पॉइंट ऊपर 9,282.30 पर बंद हुए थे।


बाजार में बढ़त के कारण



  • केंद्र सरकार की तरफ से एक और राहत पैकेज की आस में निवेशकों की धारणा सुधरी है। सरकार द्वारा आर्थिक राहत एजेंडा को लेकर अभी सभी क्षेत्रों की जरूरत का आकलन किया जा रहा है। बाद में जरूरत के हिसाब से समाधान की घोषणा की जाएगी।

  • इस महीने की शुरुआत में आरआईएल के बोर्ड ने नॉन-कन्वर्टेबल डिबेंचर (एनसीडी) के जरिए 25 हजार करोड़ रुपए जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। अब राइट इश्यू के जरिए कंपनी 29 साल बाद सार्वजनिक रूप से धन जुटाने की योजना बना रही है। 

  • कोरोना महामरी ने म्यूचुअल फंड पर तरलता का दबाव डाला है। इस दबाव को कम करने के लिए 50 हजार करोड़ रुपए के म्यूचुअल फंड के लिए विशेष तरलता सुविधा देने का निर्णय लिया गया है। जिसके चलते बाजार में आज भी तेजी रही।


बैंक शेयरों में बढ़त













































बैंकबढ़त (%)
इंडसइंड बैंक16.85%
एक्सिस बैंक7.14% 
ICICI बैंक3.81%
फेडरल बैंक7.30%
SBI बैंक2.02%
कोटक बैंक1.76%
RBL बैंक7.66%
सिटी यूनियन बैंक2.29% 
HDFC बैंक0.42% 

दुनियाभर के बाजारों में रही बढ़त
सोमवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। अमेरिकी बाजार डाउ जोंस 1.51 फीसदी की बढ़त के साथ 358.51 अंक ऊपर 24,133.80 पर बंद हुआ। वहीं, अमेरिका के दूसरे बाजार नैस्डैक 1.11 फीसदी बढ़त के साथ 95.64 अंक ऊपर 8,730.16 पर बंद हुआ। दूसरी तरफ, एसएंडपी 1.47 फीसदी बढ़त के साथ 41.74 पॉइंट ऊपर 2,878.48 पर बंद हुआ। हालांकि, चीन का शंघाई कम्पोजिट 0.30 फीसदी गिरावट के साथ 8.50 पॉइंट नीचे 2,807.00 पर बंद हुआ। इधर फ्रांस, इटली, जर्मनी के बाजार भी बढ़त के साथ बंद हुए।


कोरोनो से देश और दुनिया में मौतें
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 29,458 हो गई है। इनमें 21,382 की रिपोर्ट पॉजीटिव है। वहीं 7,137 संक्रमित ठीक हो गए हैं। देश में अब तक कोरोना से मरने वालों की संख्या 939 हो चुकी है। ये आंकड़े covid19india.org के अनुसार हैं। दूसरी तरफ, दुनियाभर में कोरोनावायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 3,065,372 हो चुकी है। इनमें 211,606 की मौत हो चुकी है। इसी दौरान 921,793 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। अमेरिका में कोरोना से मरने वालों की संख्या 56,797 हो चुकी है।